आगर में कई जीवित बुजुर्गों को मृत तो कई का पलायन बताकर बंद की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अधिकारियों के लगा रहे चक्कर 

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
आगर में कई जीवित बुजुर्गों को मृत तो कई का पलायन बताकर बंद की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अधिकारियों के लगा रहे चक्कर 

मनीष कुमार मारू Agar. विश्वभर में बुजुर्गों के प्रति होने वाले दुर्व्यवहार और अन्याय को रोकने और लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर साल 1 अक्टूबर को विश्व वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। इसी को लेकर आज शहर भर में वृद्धाश्रम के अलावा कई स्थानों पर अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सामाजिक संस्थाएं और स्कूली बच्चे बुजुर्गों का सम्मान करने पहुंचे। वहीं दूसरी तरफ आगर नगर पालिका के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा शहर के सैकड़ों बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल दिसंबर 2021 में नगर पालिका के कर्मचारियों ने लापरवाही पूर्वक या यह कहें कि बंद कमरे में बैठकर एक भौतिक सत्यापन किया। इस लापरवाही पूर्वक किये गए सर्वे का खामियाजा सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले कई बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है।





सैकड़ों बुजुर्गों का शहर से पलायन बताया





इन कर्मचारियों ने कई जीवित पेंशनधारियों को सर्वे रिपोर्ट में मृत घोषित कर दिया वहीं सैकड़ों बुजुर्गों का शहर से पलायन बताकर उन्हें अपात्र कर दिया। अब करीब 9 माह से यह बुजुर्ग नगरपालिका के चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि इनमें से कुछ बुजुर्ग जिनका पलायन बताया गया था उनकी पेंशन मिलने लगी, मगर अब भी सैकड़ों लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित है।



 ये बुजुर्ग थावर जी आगर शहर के रावण बल्डी क्षेत्र में रहते हैं, नगर पालिका के रिकार्ड में इन्हें मृत बता कर इनकी पेंशन बन्द कर दी गई। अब थावर जी के साथ ही इनकी पत्नी झन्नू बाई नगरपालिका के चक्कर लगाकर पेंशन शुरू करवाने की गुहार लगा रहे हैं।





अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे





बात यहीं खत्म नही होती वार्ड 15 में घर की सफाई में जुटी दुर्गाबाई और वार्ड 13 में फूलों को गूथ रहीं कमलाबाई की भी यही परेशानी है इन दोनों महिलाओं को भी नगरपालिका ने रिकार्ड में मृत बता कर पेंशन बन्द कर दी।



इनके अलावा आगर भी में ऐसे सैकड़ों लोग हैं जिनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन पात्र होने कर बावजूद  बन्द कर दी गई। कुछ लोगों को जीवित होने के बाद भी मृत बता दिया तो कई लोगों का शहर से पलायन होना दर्शा दिया।



शिकायतों के बावजूद अब तक कई लोग पेंशन पाने से वंचित हैं वही इस मामले में अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश पटेल का कहना है कि उनके द्वारा सभी पात्र लोगों की पेंशन शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही जिन कर्मचारियों ने भौतिक सत्यापन में लापरवाही बरती है उन पर भी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।



बुजुर्गों को मृत घोषित किया पेंशन के लिए भटक रहे बुजुर्ग आगर में बुजुर्गों की पेंशन बंद living elderly declared dead आगर न्यूज Agar news world elderly day Pension of the elderly stopped in Agar